रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 10 के स्वास्थ्य विभाग ने पचपेड़ी नाका स्थित राजवाड़ा ढाबा थाली रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट परिसर में गंदगी पाई गई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन सामने आया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
स्वच्छता संबंधी शिकायत की जांच के लिए पहुंची टीम ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां शिकायत सही पाई गई। इसके बाद जोन 10 स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा ने स्वच्छता निरीक्षक यशवंत बेरिहा, अनिल झा और स्वच्छता दीदियों की मौजूदगी में रेस्टोरेंट संचालक पर कार्रवाई की। नगर निगम ने संचालक को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी देते हुए मौके पर ही 25 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया। साथ ही प्राप्त जनशिकायत का त्वरित समाधान किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लापरवाही करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
