रायपुर । सूखे नशे के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत का 191.525 किलोग्राम गांजा जप्त किया है। यह रायपुर में अब तक की सबसे बड़ी गांजा की खेप है। तेलीबांधा पुलिस, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स की संयुक्त टीम ने लाभाण्डी स्थित अग्रसेन धाम के पास नाकेबंदी कर ओडिशा से नागपुर ले जाई जा रही गांजा की खेप को पकड़ा। ट्रक में हैवी मशीनरी के बीच 7 बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा गांजा पुलिस को मिला। ट्रक में सवार आरोपी रिश्ते में पिता-पुत्र निकले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद लाल 36 वर्ष और मोहम्मद रूस्तम 19 वर्ष निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। दोनों मूलतः बिहार के मधुबनी के रहने वाले हैं और ट्रांसपोर्ट के आड़ में लंबे समय से तस्करी कर रहे थे।
नाकेबंदी कर पकड़ी गई खेप:
एण्टी क्राईम टीम को सूचना मिली कि मंदिरहसौद की ओर से एक 6 चक्का में भारी मात्रा में गांजा रायपुर लाया जा रहा है। सूचना पर लाभाण्डी सर्विस रोड पर नाकेबंदी की गई। ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो डाले में लोड हैवी मशीनरी के नीचे और बीच में छिपाकर रखी 7 बोरियों में अलग-अलग पैकेटों में गांजा मिला।
मशीनरी के बीच गांजा छिपाकर तस्करी
आरोपी मोहम्मद लाल पिछले 25 वर्षों से ट्रक परिवहन का काम करता है। वह कोलकाता से माल लेकर ओडिशा-छत्तीसगढ़ होते हुए मुंबई तक परिवहन करता है। पूछताछ में उसने ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर सप्लाई करना स्वीकार किया। मशीनरी के बीच गांजा छिपाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की गई थी।
जप्त सामग्री:
पुलिस ने आरोपियों से 191.525 किलोग्राम गांजा, गांजा तस्करी में प्रयुक्त अशोक लीलैण्ड 6 चक्का ट्रक क्रमांक WB 23 G 1390 और ट्रक में लोड हैवी मशीनरी जप्त की है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 01 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है।
रायपुर कमिश्नरेट की एण्टी क्राईम टीम द्वारा इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 प्रकरणों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कब्जे से 5 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा, ओशन ग्रो, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, अफीम, प्रतिबंधित टेबलेट, नगदी, वाहन और हथियार जप्त किए गए हैं। प्रकरण में आरोपियों से तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ जारी है। पुलिस ने END-TO-END कार्रवाई करते हुए सप्लाई चेन को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
