सरपंच की बर्खास्तगी के विरोध में उपसरपंच समेत 20 पंचों का इस्तीफा, प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल

Follow Us

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मदननगर में सरपंच की बर्खास्तगी के बाद विवाद गहराता जा रहा है। सरपंच के समर्थन में पंचायत के उपसरपंच समेत सभी 20 पंचों ने सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपना इस्तीफा एसडीएम को सौंपते हुए प्रशासन की कार्रवाई को एकपक्षीय बताया है। गौरतलब है कि हाल ही में मदननगर ग्राम पंचायत में हुए विवाद और हिंसा के बाद जिला प्रशासन ने सरपंच सुंदरी बाई को पद से हटा दिया था। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत नोटिस और सुनवाई सहित सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद की गई है।

हालांकि, सामूहिक इस्तीफा देने वाले पंचों और ग्रामीणों ने प्रशासन के इस दावे को खारिज किया है। उनका आरोप है कि सरपंच के खिलाफ की गई कार्रवाई पूरी तरह एकपक्षीय है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आदिवासी समुदाय और किसानों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही कोयला परियोजना और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में प्रशासन पर पक्षपात के आरोप भी लगाए गए हैं। इस सामूहिक इस्तीफे के बाद मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तूल पकड़ लिया है। पूर्व जनपद अध्यक्ष ने प्रशासन की कार्रवाई की निंदा करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने दावा किया कि आवश्यकता पड़ने पर 101 ग्राम पंचायतों के सरपंच भी सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं।