रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विवाद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डी.एस. राजपूत पर जनप्रतिनिधि के प्रति असहयोगात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
विजय बघेल का आरोप है कि संबंधित अधिकारी न केवल उनके फोन कॉल का जवाब नहीं देते थे, बल्कि जनहित से जुड़े मामलों में आवश्यक जानकारी और सहयोग देने से भी बचते थे। इस संबंध में उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया पर फोन पर आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए विशेषाधिकार हनन की शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि लोकसभा सचिवालय इस मामले की भी जानकारी जुटा रहा है।
विजय बघेल की शिकायत के बाद लोकसभा सचिवालय ने संबंधित अधिकारियों और राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। अब इस मामले में शासन के रुख और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस विवाद को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार संसदीय परंपराओं के खिलाफ है और यह मतदाताओं का भी अपमान है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि ऐसे मामलों का समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव और बढ़ सकता है।
