सेंट्रल लॉक तोड़कर सूने मकान में चोरी, 20 लाख के जेवर और CCTV DVR ले उड़े बदमाश

Follow Us

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कोणार्क रेसिडेंस कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के बाद आरोपी घर में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे विभाग में पदस्थ सब इंजीनियर रितेश सिंह अपने परिवार के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए वाराणसी गए हुए थे। इसी दौरान शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान के मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक तोड़कर घर में प्रवेश किया।

बदमाशों ने घर के सभी कमरों की तलाशी लेकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।

परिवार के घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का टूटा लॉक और घर का बिखरा सामान देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद रितेश सिंह ने गांधीनगर थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले मकान की रेकी की और परिवार के बाहर होने की पुष्टि के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया।गांधीनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद शहर में सूने मकानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।