रायपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान के शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि, अब माघ पूर्णिमा के अवसर पर पूरे प्रदेश में सरकारी अवकाश रहेगा और इस दिन मदिरा बिक्री पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि, राज्य अलंकरण में एक प्रतिष्ठित पुरस्कार संत रविदास के नाम से दिया जाएगा, ताकि उनके सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि, नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम संत रविदास के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही, उनके प्रेरणादायी विचारों को छत्तीसगढ़ विधानसभा में अंकित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि, संत रविदास के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शुरू हुआ यह अभियान फरवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जारी रहेगा। इसका उद्देश्य संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज के प्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।
