रायगढ़। मानव सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में लगातार योगदान देने वाले रायगढ़ पुलिस के आरक्षक रवि श्रीवास को प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रक्तदान के जरिए जरूरतमंदों की मदद और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रदान किया गया। रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।
आरक्षक रवि श्रीवास पुलिस ड्यूटी के साथ लंबे समय से श्री साईं रक्तदान समिति के माध्यम से रक्तदान अभियान चला रहे हैं। उन्होंने खुद कई बार रक्तदान करने के साथ हजारों लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया है। उनके प्रयासों से दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर मरीजों, प्रसूताओं और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिली है। इसके अलावा वे सड़क सुरक्षा, युवा जागरूकता और सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। रवि श्रीवास ने सम्मान का श्रेय अपने सहयोगियों और रक्तदाताओं को देते हुए कहा कि मानव सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
