जशपुर में टीबी के खिलाफ बड़ा अभियान: 444 ग्राम पंचायतों में घर-घर होगी जांच, मरीजों को मिलेगा मुफ्त इलाज

Follow Us

जशपुर। जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने अभियान को तेज कर दिया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को सघन जांच और बेहतर निगरानी के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत जिले की सभी 444 ग्राम पंचायतों में घर-घर सर्वे किया जाएगा। स्वास्थ्य टीमें संभावित टीबी मरीजों की पहचान करेंगी और जांच के बाद जरूरतमंदों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी टीबी मरीज पहचान से बाहर न रहे।

कलेक्टर ने ट्रू-नैट मशीन से जांच प्रक्रिया को मजबूत करने और विकासखंड व नगरीय क्षेत्रों में अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान के माध्यम से संदिग्ध मरीजों की जांच कर समय पर इलाज शुरू किया जाएगा।

इसके साथ ही निक्षय मित्र योजना के जरिए मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने और समाज की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि, लंबे समय तक खांसी, वजन कम होना, बलगम में खून आना और लगातार बुखार जैसे लक्षणों वाले लोगों की प्राथमिकता से जांच की जाएगी। दिसंबर 2026 तक टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रशासन सभी विभागों के सहयोग से अभियान को मिशन मोड में संचालित कर रहा है।