शेख हसीना की वापसी पर बांग्लादेश में सियासी घमासान तेज, छात्र नेता नाहिद इस्लाम के बयान से मचा विवाद

Follow Us

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर देश में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। शेख हसीना ने दिसंबर तक बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है, जिसके बाद छात्र नेता और नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। नाहिद इस्लाम ने कहा कि, अगर शेख हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि, 2024 के छात्र आंदोलन में मारे गए लोगों के परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं और यह मुद्दा तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती।

नाहिद इस्लाम 2024 के छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं, जिसके बाद शेख हसीना की लंबे समय से चली आ रही सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। उन्होंने कहा कि, यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल को सत्ता में लाने के लिए नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और कथित दमनकारी व्यवस्था के खिलाफ था। उन्होंने मौजूदा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, देश में महंगाई, भ्रष्टाचार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं। शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश की राजनीति में आगे भी हलचल जारी रहने की संभावना है।