इंडिया ब्लॉक की रैली में वायरल हुआ फर्जी वीडियो, दिल्ली पुलिस ने बताया बांग्लादेश का; पुलिस वाहन पर नारा लिखने के मामले में FIR

Follow Us

दिल्ली । दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित कांग्रेस की ‘चलो दिल्ली’ रैली के दौरान सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो और तस्वीरें वायरल होने का मामला सामने आया है। इन वीडियो के जरिए दिल्ली का माहौल खराब करने की कोशिश की गई। एक वायरल वीडियो में दावा किया गया कि दिल्ली पुलिस की फायरिंग में चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत हो गई है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे को फर्जी बताते हुए स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है और इसका दिल्ली की घटना से कोई संबंध नहीं है।दिल्ली पुलिस ने दो नवंबर की सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लोगों से फर्जी खबरें नहीं फैलाने की अपील की। पुलिस ने चेतावनी दी कि गलत और नुकसानदेह जानकारी फैलाना साइबर कानूनों और दंड संहिता के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रैली के दौरान सोशल मीडिया पर भीड़ दिखाने वाले कई पुराने वीडियो और एआई से तैयार तस्वीरें भी साझा की गईं। इनमें दिसंबर 2025 में आयोजित कांग्रेस की एक पुरानी रैली का वीडियो भी शामिल था, जिसे एक नवंबर की रैली का बताकर वायरल किया गया।

पुलिस वाहन पर नारा लिखने के मामले में FIR
रैली के दौरान एक पुलिस वाहन पर स्प्रे पेंट से नारा लिखने का मामला भी सामने आया है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने कमला मार्केट थाने में दिल्ली संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति को पुलिस वाहन पर स्प्रे पेंट से नारा लिखते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नारा लिखने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।