रायपुर। भारतीय रेल की डिजिटल परिवर्तन (डिजिटल ट्रांसफार्मेशन) पहल तथा भारत सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन के अनुरूप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों को आधुनिक, तेज, पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) आधारित व्यवस्थाओं का निरंतर विस्तार कर रहा है। डिजिटल टिकटिंग, कैशलेस भुगतान एवं ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से रेलवे यात्रा को अधिक सरल, सुरक्षित एवं सहज बनाया जा रहा है।
यात्रियों को त्वरित एवं सुविधाजनक टिकट बुकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 56 स्टेशनों पर 120 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) तथा 12 स्टेशनों पर 26 मोबाइल यूटीएस (एम-यूटीएस) प्रणाली संचालित की जा रही है। डिजिटल टिकटिंग में एटीवीएम सबसे लोकप्रिय माध्यम बनकर उभरा है, जिसके माध्यम से कुल डिजिटल टिकटों का 37.07 प्रतिशत टिकट जारी किए जा रहे हैं। रेल टिकटिंग सेवाओं की पहुँच बढ़ाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 19 यात्री टिकट सुविधा केंद्र (वाईटीएसके) तथा 4 जन टिकट बुकिंग सेवक (जेटीबीएस) केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को अपने निकट ही टिकट बुकिंग की सुविधाएँ उपलब्ध हो रही हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में डिजिटल भुगतान को भी व्यापक रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) के माध्यम से डिजिटल भुगतान का प्रतिशत वर्ष 2021-22 के 1.58 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 तक 41.61 प्रतिशत हो गया है। इसी प्रकार एटीवीएम के माध्यम से 19.67 प्रतिशत, यूटीएस के माध्यम से 11.34 प्रतिशत तथा स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (एसटीबीए) के माध्यम से 10.49 प्रतिशत भुगतान डिजिटल माध्यमों से किए जा रहे हैं। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि यात्री अब यूपीआई, क्यूआर कोड तथा अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों को तेजी से अपना रहे हैं।
तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं परेशानी-मुक्त बनाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 25 जुलाई 2026 से बिलासपुर आरक्षण कार्यालय में सेल्फ-डिस्पेंसिंग पेपरलेस टोकन सिस्टम की शुरुआत की है। इस व्यवस्था से टोकन वितरण की प्रक्रिया सुव्यवस्थित हुई है, भीड़भाड़ में कमी आई है तथा यात्रियों को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवा मिल रही है। भारतीय रेल द्वारा विकसित रेलवन ऐप भी यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से टिकट बुकिंग, ट्रेन संबंधी जानकारी तथा रेल मदद जैसी सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भविष्य में भी डिजिटल टिकटिंग, कैशलेस भुगतान तथा आईटी आधारित यात्री सेवाओं का निरंतर विस्तार करते हुए यात्रियों को तेज, पारदर्शी, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
