रायपुर में चेकिंग और पेट्रोलिंग के दौरान चोरी की दो बाइक बरामद

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात पुलिस ने वाहन चेकिंग और नियमित पेट्रोलिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद कर संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द किया है। पुलिस की सतर्कता और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से चोरी के वाहनों की पहचान संभव हो सकी। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के दौरान 2 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। यातायात पुलिस ने बताया कि वाहन जांच के दौरान आधुनिक मोबाइल डिवाइस की मदद से वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन नंबर और चेचिस नंबर की तत्काल जांच की जा रही है। इसके जरिए संदिग्ध वाहनों की पहचान कर वाहन मालिकों से संपर्क किया जाता है और चोरी के मामलों का खुलासा हो रहा है। पहला मामला टाटीबंध यातायात थाना क्षेत्र का है। यहां यातायात पुलिस के आरक्षक प्रकाश देवांगन को जायका शोरूम के पास सर्विस रोड और मुख्य मार्ग के बीच नाली में एक लावारिस दोपहिया वाहन संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस ने वाहन क्रमांक CG 07 DC 5527 की जांच मोबाइल डिवाइस के माध्यम से की।

जांच में वाहन मालिक की पहचान कृपाल निषाद पिता हीरालाल निषाद निवासी ग्राम रसमड़ा जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस ने जब वाहन मालिक से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल दो दिन पहले चोरी हो गई थी। इस संबंध में उन्होंने दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद यातायात पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं दूसरी कार्रवाई यातायात थाना पंडरी क्षेत्र में हुई। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोका। संदेह होने पर वाहन की जांच की गई। यातायात थाना प्रभारी पंडरी के निर्देश पर मोबाइल डिवाइस के माध्यम से वाहन के इंजन और चेचिस नंबर की जांच की गई।

पुलिस ने छात्रों और महिलाओं को नए कानून जांच में वाहन क्रमांक CG12 AC 5553 की जानकारी सामने आई। वाहन मालिक सोमेश कुमार से संपर्क करने पर पता चला कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है। वाहन मालिक ने बताया कि वाहन चोरी के संबंध में बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके बाद यातायात पुलिस ने देवेंद्र नगर थाना की पेट्रोलिंग टीम को मौके पर बुलाकर वाहन और चालक को आगे की कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने बताया कि यातायात पुलिस की सक्रियता, नियमित वाहन चेकिंग और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग से चोरी के वाहनों की बरामदगी में लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर तेलीबांधा, डूमरतराई, सरोना और पंडरी क्षेत्रों से कुल चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की भूमिका केवल सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध नियंत्रण और चोरी के वाहनों की बरामदगी में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। पुलिस की सतर्कता के कारण कई मामलों में चोरी हुए वाहनों को जल्द बरामद किया जा रहा है। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें। वाहन खड़ा करते समय सुरक्षा का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध या लावारिस वाहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि शहर में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। तकनीक और सतर्कता के साथ की जा रही कार्रवाई से वाहन चोरी करने वालों पर शिकंजा कसने में मदद मिल रही है।