रायपुर। राजधानी से लगे नवा रायपुर में तेज रफ्तार कार पर युवकों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक चलती कार पर जानलेवा करतब करते दिखाई दे रहे हैं। रील बनाने के चक्कर में उन्होंने न केवल अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया। बताया जा रहा है कि युवकों ने व्यस्त सड़क पर तेज रफ्तार कार के साथ स्टंट करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि नवा रायपुर की सड़कों पर इससे पहले भी स्टंटबाजी और रील बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर ट्रैफिक पुलिस की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इस तरह की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।
