यरुशलम/गाजा। गाजा में जारी संघर्ष के बीच एक बार फिर युद्धविराम की उम्मीदों को झटका लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर को लेकर दिए गए बयान के बाद भी इजरायल ने गाजा में हवाई हमले जारी रखे। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, रविवार को हुए हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली लड़ाकू विमानों ने उत्तरी गाजा सिटी, मध्य क्षेत्र के दीर अल-बलाह और दक्षिणी इलाके खान यूनिस को निशाना बनाया। अधिकारियों का कहना है कि, हाल के हफ्तों में यह सबसे घातक हमलों में से एक रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था कि, गाजा युद्धविराम और हमास के निरस्त्रीकरण को लेकर बातचीत में प्रगति हुई है। हालांकि, इजरायल के ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने किसी भी समझौते से इनकार करते हुए कहा कि, हमास के पूरी तरह हथियार छोड़ने के बाद ही आगे की प्रक्रिया संभव होगी।
इजरायली अधिकारियों का कहना है कि, हमास का पूर्ण निरस्त्रीकरण उनकी प्रमुख शर्त है। वहीं, गाजा में लगातार हो रहे हमलों से मानवीय संकट और गहराता जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, कई घरों, तंबुओं और रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा है। युद्धविराम की कोशिशों के बीच जारी हिंसा ने क्षेत्र में शांति बहाली की उम्मीदों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
