एआई बना नया बिजनेस पार्टनर, बिना कर्मचारियों के लोग खड़ा कर रहे करोड़ों का कारोबार

Follow Us

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने कारोबार की दुनिया का तरीका बदल दिया है। कभी कंपनी शुरू करने के लिए बड़ी टीम, भारी निवेश और कई कर्मचारियों की जरूरत होती थी, लेकिन अब कई उद्यमी सिर्फ एआई टूल्स की मदद से अकेले ही करोड़ों रुपये का बिजनेस चला रहे हैं। एआई अब ईमेल मैनेजमेंट, कोडिंग, कस्टमर सपोर्ट, मार्केटिंग, डेटा एनालिसिस और रिफंड जैसी कई जिम्मेदारियां संभाल रहा है। यही वजह है कि, दुनियाभर में “सोलो फाउंडर्स” की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जो बिना किसी कर्मचारी के सफल कंपनियां बना रहे हैं।

अमेरिका के उद्यमी बेन ब्रोका इसका एक उदाहरण हैं। उन्होंने एआई आधारित स्टार्टअप शुरू किया, जो कारोबारियों को एआई टूल्स उपलब्ध कराता है। कुछ ही महीनों में उनके हजारों पेड ग्राहक बन गए और कंपनी करीब 1 करोड़ डॉलर की कमाई की ओर बढ़ रही है। खास बात यह है कि उन्होंने अभी तक कोई कर्मचारी नियुक्त नहीं किया है।

ब्रोका के मुताबिक, एआई उनके लिए वर्चुअल टीम की तरह काम करता है, जो कोडिंग से लेकर ग्राहकों से जुड़ी समस्याओं तक कई काम संभाल लेता है। इससे फैसले तेजी से लिए जा सकते हैं और खर्च भी कम होता है। विशेषज्ञों का मानना है कि, आने वाले समय में एआई आधारित छोटे लेकिन प्रभावी बिजनेस मॉडल तेजी से बढ़ेंगे, जहां एक व्यक्ति भी बड़ी कंपनी जैसी सेवाएं दे सकेगा।