17 की उम्र में रचा इतिहास: अब अचानक तोड़ दीं सांसें: ‘चायवालाज’ के मशहूर फाउंडर रोहित शर्मा ने की खुदकुशी

Follow Us

दौसा। राजस्थान के जयपुर शहर में महज 17 साल की उम्र में बिजनेस की दुनिया में अपनी कामयाबी का परचम लहराने वाले और मशहूर स्टार्टअप ‘चायवालाज’ (‘Chaiwalaz’) के 30 वर्षीय फाउंडर रोहित शर्मा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दौसा की साकेत कॉलोनी स्थित घर में शनिवार दोपहर काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर सब स्तब्ध रह गए।

आपको बता दे, रोहित फंदे से लटके हुए थे। परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोहित की सफलता की कहानी लाखों युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा रही है। नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने जयपुर के मानसरोवर से अपना पहला टी-कैफे शुरू किया था और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर देश के 7 अलग-अलग शहरों में अपनी फ्रेंचाइजी का विस्तार कर लिया था।

हालाँकि, इस दुखद घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि, कामयाबी के शिखर पर पहुँचने के बावजूद रोहित ने करीब 6 महीने पहले अचानक अपने सभी आउटलेट्स को हमेशा के लिए बंद कर दिया था। इसके बाद वे भौतिक चमक-दमक से दूरी बनाकर पूरी तरह आध्यात्म से जुड़ गए थे और अक्सर धार्मिक स्थलों के दर्शन करते थे। सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहने वाले रोहित अपने पीछे पिता, पत्नी और एक 7 साल के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मामले की हर पहलू से गहन जांच जारी है।