मुंबई। पंजाबी सिनेमा में शहनाज गिल और जय रंधावा की फिल्म ‘इश्कनामा’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है। करीब 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 2026 की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पंजाबी फिल्म बन गई है। अरविंद खैरा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। शहनाज गिल और जय रंधावा की जोड़ी को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म ने रिलीज के पहले हफ्ते में 5.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि अब तक इसका नेट कलेक्शन 6.20 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन करीब 7.30 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन भी करीब 50 लाख रुपये की कमाई की। इसे 729 शोज मिले और दर्शकों की अच्छी उपस्थिति दर्ज की गई। अब तक फिल्म अपने बजट का लगभग 31 फीसदी हिस्सा वसूल कर चुकी है। ‘इश्कनामा’ ने एमी विर्क, बिन्नू ढिल्लों और सिमी चहल की फिल्म ‘बम्बुकट 2’ को पीछे छोड़ दिया है। पंजाबी फिल्मों की कमाई की सूची में फिलहाल ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ पहले स्थान पर है, जबकि ‘रब्बा दा रेडियो 3’ और ‘इश्कन दे लेखे’ दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। फिल्म की नजर अब आगे की बड़ी कमाई पर है।
