धमतरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल बगीचा वार्ड में रविवार सुबह शिव मंदिर परिसर में साफ-सफाई के दौरान करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान घनश्याम सेन के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब वह सावन सोमवार की तैयारियों के तहत मंदिर परिसर के पास पेड़ की डालियां काटने के लिए ऊपर चढ़ा था।
जानकारी के अनुसार, पेड़ की कटाई के दौरान घनश्याम पास से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि जोखिमपूर्ण कार्य के लिए प्रशिक्षित व्यक्ति की व्यवस्था किए बिना युवक से पेड़ की कटाई कराई गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घनश्याम स्थानीय स्तर पर सैलून चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
