नीट-यूजी 2026 काउंसलिंग : 4 अगस्त से शुरू होंगे ऑल इंडिया कोटा एडमिशन, 8 सितंबर से मेडिकल कॉलेजों में नया सत्र

Follow Us

नई दिल्ली। मेडिकल में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट-यूजी 2026 का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत ऑल इंडिया कोटा (AIQ) के पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगी, जबकि राज्यों में पहला चरण 13 अगस्त से शुरू होगा। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 8 सितंबर से हो जाएगी।

काउंसलिंग कुल चार चरणों-राउंड 1, राउंड 2, राउंड 3 और स्ट्रे वैकेंसी राउंड (28 सितंबर से 3 अक्टूबर) में पूरी होगी। एमसीसी ने स्पष्ट किया है कि, समय-सीमा का सख्ती से पालन कराने के लिए छुट्टियों के दिनों में भी काम जारी रहेगा। इस बार प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए तीन बड़े बदलाव किए गए हैं। अब सीट अपग्रेड का विकल्प चुनने वाले छात्रों को दोबारा कॉलेज जाकर रिपोर्ट नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा अभ्यर्थी सीधे एमसीसी पोर्टल से ऑनलाइन इस्तीफा दे सकेंगे और डीम्ड यूनिवर्सिटी के NRI उम्मीदवार अपने दस्तावेज भी सीधे पोर्टल पर ही अपलोड कर पाएंगे।