धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सिहावा थाना क्षेत्र में बारिश और बढ़े जलस्तर के कारण तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मछुआरे की एनीकट में बहने से मौत हो गई, जबकि चौथी कक्षा का एक छात्र और एक अन्य व्यक्ति अब भी लापता हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें दोनों की तलाश में जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, घोटगांव निवासी धनंजय तेता मछली पकड़ने के लिए सेमरा एनीकट पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने से रपटे पर तेज बहाव आ गया और वह पानी में बह गए। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। करीब दो दिन की खोजबीन के बाद उनका शव बरामद कर लिया गया। वहीं सिरसिदा गांव का रहने वाला 9 वर्षीय चौथी कक्षा का छात्र खेलते हुए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, फिर भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और प्रशासन संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
इसके अलावा क्षेत्र से एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की भी सूचना है। प्रशासन सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर रहा है। लापता छात्र के मामले में आशंका जताई जा रही है कि वह उफनते नदी-नालों के तेज बहाव की चपेट में आ गया होगा, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और बचाव दल दोनों लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं और हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है।

