देवघर। सावन माह के साथ ही झारखंड के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। श्रावणी मेला 2026 के दौरान देशभर से पहुंचे कांवड़िए बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मेले के पहले दो दिनों में ही दो लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दरबार में जल अर्पित कर चुके हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, पहले दिन 74,987 श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया, जबकि दूसरे दिन 1,05,179 भक्तों ने बाबा बैद्यनाथ पर जल चढ़ाया। इनमें मुख्य अरघा, बाह्य अरघा और शीघ्रदर्शन व्यवस्था के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
श्रावणी मेले के दौरान पूरा कांवरिया पथ भगवा रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा है। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया है। रविवार तड़के मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही जलार्पण शुरू हो गया और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगातार मंदिर की ओर बढ़ती रहीं। इस बार मेले को और भव्य बनाने के लिए शिवगंगा तट पर भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाती आकर्षक 3D पेंटिंग्स तैयार की गई हैं। इन कलाकृतियों में शिव परिवार, त्रिशूल, डमरू और गंगावतरण जैसे धार्मिक प्रसंगों को बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।
इसके साथ ही देवघर जिला प्रशासन ने शिवलोक परिसर में हाईटेक ड्रोन शो का आयोजन किया है। रात के समय रंग-बिरंगी रोशनी से सजे ड्रोन आसमान में बाबा बैद्यनाथ धाम की पौराणिक कथाएं, द्वादश ज्योतिर्लिंग का महत्व और श्रावणी मेले की ऐतिहासिक परंपरा को जीवंत रूप में प्रदर्शित कर रहे हैं। श्रद्धालु इस अनूठे आयोजन का आनंद लेने के साथ यादगार पल भी अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
