नई बर्गर चेन में सिरफिरे की अंधाधुंध गोलीबारी, हमलावर समेत 3 की मौत, 2 जिंदगी की जंग लड़ रहे

Follow Us

वाशिंगटन/ट्विन फॉल्स। अमेरिका के इडाहो स्थित ट्विन फॉल्स शहर में शनिवार दोपहर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक व्यस्त शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्थित प्रसिद्ध ‘इन-एन-आउट’ बर्गर रेस्तरां अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। हाल ही में शुरू हुई इस फास्ट-फूड आउटलेट में दोपहर करीब 2:30 बजे एक अज्ञात बंदूकधारी ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस भयावह घटना में हमलावर समेत कम से कम तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

वारदात की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को घेर लिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने हमलावर को मौके पर ही ढेर कर दिया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से आसपास की सड़कों और पास के मुख्य पुल को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है।ट्विन फॉल्स पुलिस चीफ मैथ्यू हिक्स और नगर अधिकारी जोश पामर के अनुसार, हमलावर की पहचान और इस खूनी वारदात के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है। अमेरिका में लगातार बढ़ती ‘मास शूटिंग’ की घटनाओं ने एक बार फिर देश के बंदूक कानूनों (Gun Laws) और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।