सुकमा। अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से दो कारों में गांजा तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 62.63 लाख रुपये कीमत का 68 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। आरोपी कर्नाटक के बीदर जिले के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार, एर्राबोर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो सफेद रंग की कारों में अवैध गांजा लेकर तस्कर सुकमा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एर्राबोर बाजार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों कारों से कुल 50 पैकेट गांजा बरामद किया, जिसका कुल वजन 68 किलोग्राम निकला। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 62,63,100 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्नाटक के बीदर निवासी सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कारें, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अंतर्राज्यीय तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच के दौरान इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

