कुशीनगर में दर्दनाक हादसा: नहर में डूबने से 3 मासूम बच्चियों की मौत, 12 घंटे बाद मिले शव, गांव में पसरा मातम

Follow Us

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। दुबौली गांव में सिधरिया ड्रेन (नहर) के पास खेत से घास काटकर घर लौट रही एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में शंभू की दो बेटियां-सपना (10) व छोटी (8), और रंजीत की बेटी कुंचन (12) शामिल हैं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना शुक्रवार शाम की है जब तीनों बच्चियां नहर की पुलिया पर विश्राम के लिए रुकी थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से तीनों तेज बहाव वाली नहर में जा गिरीं। साथ मौजूद 10 वर्षीय भाई कलुआ ने गांव भागकर लोगों को खबर दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एनडीआरएफ (NDRF) और स्थानीय गोताखोरों ने रातभर तलाशी अभियान चलाया।

शनिवार सुबह करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए। एक साथ तीन बेटियों के शव उठने से पूरे गांव में मातम का सन्नाटा पसर गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को संभव आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है।