रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की आतंकियों द्वारा हत्या किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए हैं। दीपक बैज ने कहा कि दो मजदूरों को धर्म पूछकर गोली मारे जाने की बात सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह किसी बड़े षडयंत्र का हिस्सा है? उन्होंने कहा कि जब-जब केंद्र सरकार कमजोर दिखाई देती है या आंतरिक दबाव में होती है, तब इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने केंद्र सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। बैज ने कहा कि इतने सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद आतंकी इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे हैं, यह सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ से मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग बाहर जाकर मजदूरी करने को मजबूर हैं।
वहीं, भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां और सुरक्षा रणनीति सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी केंद्र पर निशाना साधा और सरकार को कमजोर बताया। बैज ने कहा कि कुलगाम जैसी घटनाओं पर राजनीति से ऊपर उठकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
