अस्पताल पहुंचने से पहले ही खत्म हुई ऑक्सीजन: मंडला में लापरवाही की भेंट चढ़ा 21 वर्षीय मरीज

Follow Us

 मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय युवक अजीत बरैया ने एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म हो जाने के कारण अपनी मां की गोद में तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। सुनेहरा गांव का रहने वाला अजीत डायलिसिस का मरीज था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई, जो एक घंटे की देरी से पहुंची। कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में प्राथमिक ऑक्सीजन न मिलने के बाद जब उसे मंडला रेफर किया गया, तो रास्ते में ही एंबुलेंस का ऑक्सीजन सिलेंडर जवाब दे गया।

एंबुलेंस के भीतर एक-एक सांस के लिए छटपटाते बेटे का दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रोते-बिलखते पिता ने रोष जताते हुए कहा कि यदि एंबुलेंस का सिलेंडर खाली न होता और समय पर इलाज मिल जाता, तो उनका बेटा आज जिंदा होता। 27 जुलाई की इस खौफनाक घटना ने प्रशासनिक लापरवाही और एंबुलेंस सेवाओं की पोल खोलकर रख दी है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कैसे सरकारी दावों के बीच जमीनी हकीकत आज भी आम जनता की जिंदगी पर भारी पड़ रही है।