कोरबा। कोरबा वन मंडल के करतला वन परिक्षेत्र में हाथी के हमले से एक किसान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला हाथी अपने दल से बिछड़कर अकेले विचरण कर रहा था। इसी दौरान खेत में काम कर लौट रहे किसान का सामना हाथी से हो गया, जिसके बाद हाथी ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, घटना बड़मार गांव से करीब 2 किलोमीटर अंदर जंगल क्षेत्र की है। बड़मार निवासी 53 वर्षीय जगेश्वर राठिया खेत में काम करने गए थे। काम खत्म कर वापस लौटते समय उनका सामना जंगल में मौजूद हाथी से हो गया। अचानक हुए हमले में किसान को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी अन्य किसानों को तब मिली, जब उन्होंने जगेश्वर राठिया को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने परिजनों और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वन विभाग के कर्मचारियों ने आसपास के ग्रामीणों और किसानों को सतर्क रहने की अपील की है। खेतों में काम करने जा रहे लोगों को हाथी की मौजूदगी की जानकारी देने के लिए गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है।
करतला रेंजर अक्ष ऋषि ने बताया कि पिछले तीन दिनों से एक लोनर हाथी बड़मार जंगल और आसपास के क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। वन विभाग की ओर से पहले भी ग्रामीणों को सतर्क किया गया था और अब दोबारा मुनादी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर नियमानुसार तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
