बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा गस्ती चौक में हुए 14.56 करोड़ रुपये के बहुचर्चित घोटाले मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी और तत्कालीन बैंक प्रबंधक विनीत दास को तमिलनाडु के तंजावुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने बताया कि यह मामला वर्ष 2022 का है। बैंक के नए प्रबंधक रज्जू पाटनवार की शिकायत और आंतरिक जांच के बाद इस मामले में धारा 420, 409 और 120बी के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी बैंक प्रबंधक ने कथित तौर पर बिचौलियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों, बिना संपत्ति गारंटी, फर्जी जीएसटी नंबर और जाली हस्ताक्षर के माध्यम से 180 खातों में वित्तीय अनियमितताएं की थीं। पुलिस के अनुसार, इस घोटाले में शामिल चार बिचौलियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें कमलेश सिन्हा (बेमेतरा), जोहन सिन्हा (केवांछी), टीकाराम माथुर (बिरमपुर) और नागेश कुमार वर्मा (केवांछी) शामिल हैं। अब पुलिस मुख्य आरोपी विनीत दास को ट्रांजिट रिमांड पर बेमेतरा लेकर पहुंची है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
