भिवंडी। महाराष्ट्र के भिवंडी इलाके में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां ‘कोहिनूर’ नाम की चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धूल का गुबार फैल गया। हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), भिवंडी पुलिस, दमकल विभाग और नगरपालिका की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। एनडीआरएफ के अनुसार, हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
रेस्क्यू टीम पोकलेन मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत काफी पुरानी थी और पिछले कुछ दिनों से उसमें मरम्मत का काम चल रहा था। लोगों ने आरोप लगाया कि मरम्मत के दौरान इमारत के कुछ पिलर क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके कारण संरचना कमजोर हुई और इमारत गिर गई। हालांकि, हादसे की असली वजह की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत गिरने से पहले कुछ आवाजें सुनाई दी थीं, जिसके बाद कई लोग समय रहते बाहर निकल गए। इससे बड़े नुकसान को टाला जा सका। हालांकि, पहली मंजिल पर रहने वाले कुछ लोगों और वहां मौजूद मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। जिला प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
