शहजाद पूनावाला के BJP से इस्तीफे की अटकलें तेज, X प्रोफाइल से हटाया पार्टी का नाम; खुद को बताया PM मोदी का आजीवन अनुयायी

Follow Us

नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी से इस्तीफे की खबरों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अभी तक न तो शहजाद पूनावाला की ओर से और न ही बीजेपी की तरफ से इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है। दरअसल, शहजाद पूनावाला ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X अकाउंट से बीजेपी का नाम और राष्ट्रीय प्रवक्ता पद का उल्लेख हटा दिया है। इसके बाद उनके इस्तीफे की अटकलें शुरू हो गईं। उन्होंने अपने प्रोफाइल में बदलाव करते हुए खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “Lifelong Follower” बताया है और बायो में ‘इंडिया फर्स्ट’ की झलक भी दिखाई है।

गुरुवार को शहजाद पूनावाला ने अपने नए X बायो का स्क्रीनशॉट साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा, “धर्म-इस्लाम, संस्कृति-हिंदू, विचारधारा-भारतीय, लेखक- GST की यात्रा, पीएम नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी।” पोस्ट के साथ उन्होंने केवल इतना लिखा- “मेरा अपडेटेड बायो।” इस्तीफे की चर्चाओं के बीच शहजाद पूनावाला ने अपने पुराने इंटरव्यू और वीडियो क्लिप भी साझा किए हैं, जिनमें उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि चुनावी राजनीति और समाज सेवा अलग-अलग हैं और कोई व्यक्ति चुनाव लड़े बिना भी देश के लिए योगदान दे सकता है।

शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वह 2008 में कांग्रेस से जुड़े और NSUI के उपाध्यक्ष, कांग्रेस मीडिया सेल की रिसर्च टीम के सदस्य तथा महाराष्ट्र कांग्रेस में सचिव जैसे पदों पर रहे। साल 2017 में उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सवाल उठाए थे, जिसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए थे। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया। फिलहाल उनके पार्टी छोड़ने की खबरों पर स्थिति साफ नहीं है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।