जगदलपुर। युवाओं को लेकर सांसद कंगना रनौत की कथित टिप्पणी के बाद छत्तीसगढ़ में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने कंगना रनौत और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने बयान को महिलाओं और युवाओं का अपमान बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी जनप्रतिनिधि की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज उठाने वालों का इस तरह से अपमान नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की समस्याओं को सुनने के बजाय उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित नेताओं ने बयान पर माफी नहीं मांगी तो आंदोलन जारी रहेगा।
दरअसल, दिल्ली में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान वायरल कुछ वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मंडी सांसद कंगना रनौत ने प्रदर्शन में शामिल युवाओं पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कथित तौर पर युवा पीढ़ी को लेकर ‘गटर जनरेशन’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद विपक्षी दलों ने उनके बयान पर आपत्ति जताई और विरोध शुरू कर दिया।
