नई दिल्ली। एंटी-पेपर लीक संशोधन विधेयक-2026 संसद के दोनों सदनों से पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश पर अभिजीत दीपके ने निशाना साधा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा। दीपके ने इंस्टाग्राम पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “आपकी त्वचा देश के भविष्य से ज्यादा चमकदार है।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
दरअसल, लोकसभा के बाद गुरुवार को राज्यसभा ने भी एंटी-पेपर लीक संशोधन विधेयक, 2026 को मंजूरी दे दी है। अब इसे राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। कानून बनने के बाद पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ 10 साल तक की सजा और 50 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान होगा। इसके अलावा राज्यों को ऐसे मामलों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश दिया गया है।
विधेयक पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के नाम वीडियो संदेश जारी कर कहा कि सरकार पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पेपर माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और तकनीक व कानून के माध्यम से परीक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। राज्यसभा में इस विधेयक पर करीब सात घंटे तक चर्चा हुई। केंद्रीय कार्मिक मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह कानून पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने और छात्रों के हितों की रक्षा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
