‘पाकिस्तानी कश्मीर’ शब्द पर भारत का कड़ा ऐतराज: The New York Times से कहा- पीओके भारत का अभिन्न हिस्सा

Follow Us

नई दिल्ली। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को अपनी एक रिपोर्ट में ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ बताए जाने पर भारत ने अमेरिकी अखबार The New York Times पर कड़ी आपत्ति जताई है। भारत ने स्पष्ट कहा कि ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ जैसी कोई मान्य इकाई नहीं है, बल्कि यह पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला भारतीय क्षेत्र है। यह विवाद उस रिपोर्ट के बाद सामने आया, जिसमें मीरपुर क्षेत्र में हुई झड़पों और स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए अखबार ने ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इस पर भारत के संबंधित राजनयिक मिशन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, इस तरह की शब्दावली तथ्यात्मक रूप से भ्रामक है और भारत की आधिकारिक स्थिति के अनुरूप नहीं है।

भारत ने दोहराया कि, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग हैं, जबकि पाकिस्तान के कब्जे वाला क्षेत्र अवैध रूप से उसके नियंत्रण में है। भारत का कहना है कि, वहां चल रहे विरोध-प्रदर्शन आर्थिक शोषण, लोकतांत्रिक अधिकारों की कमी और प्रशासनिक दमन के खिलाफ लोगों के असंतोष को दर्शाते हैं। रिपोर्टों के अनुसार, जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) तथाकथित विधानसभा की 12 विवादित सीटों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रही है। संगठन का आरोप है कि, इन सीटों का उपयोग सत्ता प्रतिष्ठान राजनीतिक लाभ के लिए करता है। हाल के महीनों में क्षेत्र में विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा बलों के साथ झड़पों की घटनाएं भी सामने आई हैं।