बदल गया टेक मार्केट का ताज! एप्पल ने Nvidia से छीनी नंबर-1 की कुर्सी

Follow Us

नई दिल्ली। टेक जगत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। iPhone बनाने वाली दिग्गज कंपनी Apple ने Nvidia को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर दुनिया की सबसे ज्यादा वैल्यू वाली कंपनी का खिताब हासिल कर लिया है। Apple का मार्केट कैप बढ़कर करीब 4.88 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया, जबकि Nvidia के शेयरों में गिरावट के बाद उसका बाजार मूल्य लगभग 4.86 ट्रिलियन डॉलर रह गया।

करीब एक साल बाद Apple ने नंबर-1 की कुर्सी दोबारा हासिल की है। वहीं, AI चिप्स की जबरदस्त मांग के चलते लंबे समय तक टॉप पर रहने वाली Nvidia को अब दूसरे स्थान पर आना पड़ा है। Nvidia ने पिछले कुछ समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्रांति से सबसे ज्यादा फायदा उठाया था और उसकी वैल्यूएशन में जबरदस्त उछाल आया था।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बदलाव संकेत देता है कि निवेशक अब सिर्फ AI कंपनियों पर निर्भर नहीं हैं और Apple जैसे बड़े टेक ब्रांड्स पर भी भरोसा बढ़ा रहे हैं। हालांकि Nvidia की AI चिप्स की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है और कंपनी दोबारा शीर्ष स्थान हासिल कर सकती है। Apple के लिए भी आगे चुनौतियां कम नहीं हैं। बढ़ती लागत के कारण कंपनी ने कुछ प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाई हैं, जिससे बिक्री पर असर पड़ने की चिंता बनी हुई है। इसके बावजूद इस साल Apple के शेयरों में करीब 22% से ज्यादा की तेजी ने कंपनी को नई ऊंचाई तक पहुंचाया है।