मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने मुंबई में स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) के नए डिजिटल सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने आधुनिक डेटा कलेक्शन और वेरिफिकेशन सपोर्ट सेंटर (IT सर्वर रूम) की शुरुआत की, जिससे SRA की डिजिटल व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस नई सुविधा का उद्देश्य पुनर्वास योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। कार्यक्रम के दौरान सलमान खान ने झुग्गी पुनर्वास योजना के 50 से अधिक लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां भी सौंपीं। चाबी मिलने के बाद परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
SRA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महेंद्र कल्याणकर की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में सलमान खान ने SRA की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। इस किताब में संस्था की उपलब्धियों, पुनर्वास परियोजनाओं और सफल कहानियों को शामिल किया गया है। सलमान खान ने SRA की योजनाओं और डिजिटल पहल की जानकारी भी ली। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले सलमान लंबे समय से जरूरतमंद लोगों की मदद करते रहे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और मानव कल्याण से जुड़े उनके प्रयासों की अक्सर चर्चा होती रही है।
