भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 11वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की एक बहुमंजिला इमारत से गिरकर मौत हो गई. शुरुआती जांच के मुताबिक, छात्र अपनी महिला मित्र के घर गया था और उसकी मां के अचानक लौट आने पर खुद को छिपाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह इमारत के पाइप से नीचे गिर गया। मृतक की पहचान रफान खुर्शीद के रूप में हुई है. वह शहर के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था. उसके पिता एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर हैं। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार की है। रफान अपनी महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर गया था. उस समय लड़की घर में अकेली थी। इसी बीच लड़की की मां अचानक घर लौट आई. घबराहट में रफान पहले बाथरूम में छिप गया और फिर वहां से निकलकर इमारत के डक्ट एरिया में लगे पाइप पर चढ़ गया, ताकि किसी की नजर उस पर न पड़े।
बताया जा रहा है कि इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरों में रफान करीब 10वीं मंजिल पर पाइप से लटका हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ मिनट तक वह खुद को संभालने की कोशिश करता रहा, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कैपिटल अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने लड़की और उसके परिवार से पूछताछ की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पूरी घटना का क्रम समझने की कोशिश की जा रही है। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि यह केवल एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी है. पुलिस फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. अभी इस मामले को अस्वाभाविक मौत के रूप में दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
