‘आदर्श बाल विद्यालय’ का ट्रेलर रिलीज: अनोखे हेडमास्टर बने केके मेनन, 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर होगी स्ट्रीम

Follow Us

मुंबई। ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने अपनी बहुप्रतीक्षित कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में एक ऐसे सरकारी स्कूल की कहानी दिखाई गई है, जहां सीमित संसाधनों, रोजमर्रा की चुनौतियों और मजेदार घटनाओं के बीच शिक्षक बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष करते नजर आते हैं। हल्के-फुल्के हास्य और भावनात्मक पलों से भरपूर यह सीरीज दर्शकों को स्कूल के दिनों की यादें ताजा कराने का वादा करती है। सीरीज की कहानी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका किरदार केके मेनन निभा रहे हैं। शांत स्वभाव के बावजूद वह अपनी सूझबूझ और अनोखे अंदाज से स्कूल का संचालन करते हैं। कहानी में मोड़ तब आता है, जब उन्हें पता चलता है कि दिल्ली बोर्ड परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 10 स्कूलों के हेडमास्टर्स को कैम्ब्रिज जाने का अवसर मिलेगा। इसके बाद वह अपने स्कूल को बेहतर बनाने और टॉप स्कूलों में शामिल कराने के मिशन में जुट जाते हैं।

ट्रेलर में अलग-अलग स्वभाव वाले शिक्षक, शरारती लेकिन होनहार छात्र, उत्साही अभिभावक और सरकारी स्कूल की रोजमर्रा की चुनौतियों को मनोरंजक अंदाज में पेश किया गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ज्ञानेश्वर त्रिपाठी अपने स्कूल को सफलता दिला पाते हैं या नहीं। सीरीज के निर्देशक हिमांक गौर ने कहा कि ‘आदर्श बाल विद्यालय’ हर उस व्यक्ति से जुड़ती है जिसने कभी स्कूल की जिंदगी को जिया है। उनके अनुसार, इसमें दोस्ती, शरारत, शिक्षकों का अपनापन और क्लासरूम की यादों को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना के विजन को पर्दे पर उतारना उनके लिए खास अनुभव रहा। वहीं, केके मेनन ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन पहली बार किसी हेडमास्टर की भूमिका निभाने का मौका मिला। उनके मुताबिक, ज्ञानेश्वर त्रिपाठी का किरदार बेहद अलग, सहज और वास्तविक है, जिसने उन्हें इस भूमिका के लिए आकर्षित किया।

पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस सात एपिसोड की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज को बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नूपुर पाई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने लिखा है। इसका निर्देशन हिमांक गौर ने किया है, जबकि समीर सक्सेना और बिस्वपति सरकार इसके क्रिएटर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। सीरीज में केके मेनन, अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘आदर्श बाल विद्यालय’ का प्रीमियर 24 जुलाई को प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज हिंदी भाषा में भारत समेत 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ स्ट्रीम की जाएगी।