रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को ‘न्याय पदयात्रा’ निकाली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में शुरू हुई इस पदयात्रा में प्रभावित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और विधायक शामिल हुए। कांग्रेस की यह पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर करीब 13 किलोमीटर का सफर तय करते हुए राजभवन (लोकभवन) पहुंचेगी। यात्रा का मार्ग पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा और गौरव पथ से होकर गुजर रहा है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग करेगा।
कांग्रेस का कहना है कि नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। पार्टी की मांग है कि प्रत्येक परिवार को नकटी गांव में ही 2,000 वर्गफीट जमीन आवंटित कर पुनर्वास किया जाए और मकान तोड़े जाने से हुए नुकसान के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की ओर से सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में दिए जा रहे अस्थायी आवास को लेने से इनकार कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने मूल गांव में ही पुनर्वास चाहते हैं। फिलहाल कई परिवार गांव में टेंट और टीन शेड में रहकर जीवन गुजार रहे हैं।
पदयात्रा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पैर में मोच आ गई। चोट लगने के बाद वे पैदल आगे नहीं चल सके और कार में सवार होकर यात्रा के साथ चलते रहे। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रभावित ग्रामीणों ने पदयात्रा जारी रखी। भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया है। यातायात पुलिस ने सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक यातायात दबाव अधिक रहने की संभावना जताई है। इस दौरान सर्विस रोड बंद रहेगी और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
