मुंबई। साल 2018 की चर्चित हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ के सीक्वल का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। फिल्ममेकर और अभिनेता सोहम शाह ने ‘तुम्बाड 2’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए रिलीज डेट की जानकारी दी। पोस्टर के साथ एक रहस्यमयी संदेश भी जारी किया गया, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। इससे पहले फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी भी दी गई थी, जिसके बाद फैंस में इसके लिए काफी उत्साह देखने को मिला।
2018 में रिलीज हुई ‘तुम्बाड’ को भारतीय सिनेमा की सबसे अलग और चर्चित हॉरर फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म की अनोखी कहानी, डरावने माहौल और शानदार विजुअल्स ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी थी। ‘तुम्बाड 2’ में कहानी का दायरा पहले से बड़ा होने की उम्मीद है, हालांकि मेकर्स फिल्म के पुराने रहस्य और डर वाले अंदाज को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोहम शाह के साथ नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी अहम भूमिका में नजर आ सकते हैं। फिल्म का निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं और इसका निर्माण सोहम शाह फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है।
