खनिज विभाग का सख्त अभियान जारी, चालू वित्तीय वर्ष में 239 मामलों पर कार्रवाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। धमतरी जिले में खनिज विभाग ने पिछले दो दिनों में अवैध रेत परिवहन में लगे चार बड़े वाहनों को जब्त किया है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के 239 मामलों में कार्रवाई करते हुए 69 लाख 32 हजार 683 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने 12 और 13 जुलाई को जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान सारंगपुरी, खरेंगा, अमेठी, सरगी-दोनर, पाहंदा सहित आसपास के इलाकों में छापेमारी कर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते चार वाहनों को जब्त किया गया। विभाग ने सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में **खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी आर्थिक दंड लगाया जा रहा है और गंभीर मामलों में एफआईआर भी दर्ज की जा रही है। अभियान के दौरान डंपर, हाईवा, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को भी जब्त किया जा रहा है।
विभाग के अनुसार, अवैध खनन से न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है, बल्कि नदियों और पर्यावरण के प्राकृतिक संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में निगरानी और कार्रवाई को और तेज किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
