हार के बावजूद नॉर्वे बना फुटबॉल फैंस का हीरो, 90 हजार लोगों ने दिया ऐतिहासिक स्वागत

Follow Us

ओस्लो। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली नॉर्वे की फुटबॉल टीम भले ही क्वार्टर-फाइनल में हार गई, लेकिन देशवासियों के दिल जीतने में कामयाब रही। ऐतिहासिक सफर के बाद टीम के खिलाड़ियों का ओस्लो स्थित रॉयल पैलेस के बाहर भव्य स्वागत किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पैलेस स्क्वायर में करीब 90 हजार प्रशंसक टीम का हौसला बढ़ाने पहुंचे। नॉर्वे को क्वार्टर-फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अतिरिक्त समय में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन यह वर्ल्ड कप इतिहास में टीम का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा।

कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड ने प्रशंसकों के समर्थन को लेकर कहा कि उन्हें इतनी बड़ी प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि, अमेरिका से लेकर नॉर्वे तक मिले प्यार और समर्थन ने टीम को भावुक कर दिया। कोच स्टेल सोलबक्केन ने भी इस स्वागत को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि, राजा हेराल्ड से मुलाकात और फुटबॉल को लेकर हुई बातचीत उनके लिए खास अनुभव रही। हालांकि टीम के स्टार खिलाड़ी एर्लिंग हालैंड और सैंडर बर्गे सार्वजनिक समारोह में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि उन्हें आगे की यात्रा के लिए रवाना होना था। दोनों ने हालांकि पैलेस में जाकर राजा से मुलाकात की।