मुख्यमंत्री साय ने कंडोरा में रौतिया समाज भवन और अखरा विकास कार्यों का किया लोकार्पण

Follow Us

० एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच और बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा मद से 50-50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन और अखरा विकास कार्यों का लोकार्पण किया। दोनों कार्यों पर कुल एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच और बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में रौतिया समाज के लोगों ने पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन और गजमाला से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने महोत्सव को खास बना दिया।

मुख्यमंत्री साय ने समाज के लोगों को महोत्सव और समाज भवन के लोकार्पण की बधाई देते हुए कहा कि नेशनल हाईवे पर स्थित यह भवन सामाजिक एकता, संगठन और सामूहिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे समाज के आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं से जोडऩे में भी मदद मिलेगी। उन्होंने रौतिया समाज की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता की सराहना करते हुए शिक्षा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे बढऩे का आह्वान किया।

रक्षा सेवाओं के 30 वरिष्ठ अधिकारियों ने कॉरपोरेट प्रशासन पाठ्यक्रम पूरा किया

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी 13 दिसंबर को सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 33 किश्तों में 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। धान खरीदी के अंतर की राशि भी किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने रामलला दर्शन योजना के तहत 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से 10 हजार से अधिक बुजुर्गों को तीर्थयात्रा का लाभ मिलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है, जिससे 8 हजार से अधिक अधिकारी जुड़े हैं। सेवा सेतु के माध्यम से 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, अब तक 6 हजार गांवों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन भी प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

समाज के प्रतिनिधियों ने जताया आभार
रौतिया समाज के कोषाध्यक्ष विद्याचरण सिंह ने स्वागत उद्बोधन में समाज भवन और अखरा विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज की एकता और भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। अखिल भारतीय रौतिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. साय ने भी इन विकास कार्यों को समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि रौतिया समाज मुख्य रूप से सरगुजा और रायगढ़ जिले में निवास करता है।

मुंगेली व्यापार मेले का उप मुख्यमंत्री साव ने किया शुभारंभ, शहर को दी 7 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम में संयोगिता सिंह, विश्वनाथ सिंह, रौतिया समाज के जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।