बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह से 4 नाबालिग फरार, चौकीदार की हत्या कर फिल्मी अंदाज में हुए फरार

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से चार विधि के साथ संघर्षरत नाबालिगों के फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, फरार होने से पहले चारों ने कथित तौर पर नाइट चौकीदार की हत्या कर दी और उसके बाद परिसर से भाग निकले। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव निवासी नरेंद्र कुमार खांडे पिछले करीब एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में संविदा नाइट चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। रविवार देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच चारों नाबालिगों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की, हाथ-पैर बांध दिए और गला दबाने के साथ मुंह में गमछा ठूंस दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद चारों नाबालिग दूसरे चौकीदार की बाइक और परिसर के ताले की चाबी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वे पहले भवन की छत पर पहुंचे, फिर दूसरी छोटी छत पर उतरकर सुरक्षा के लिए लगाए गए कांटेदार तार को हटाया और लकड़ी की सीढ़ी के सहारे परिसर से बाहर निकल गए। जांच के दौरान यह भी पता चला कि फरार होते समय आरोपियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकाल लिया, जिससे घटना के अहम साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस अन्य तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह सवाल भी उठ रहा है कि अलग-अलग कमरों में रखने की व्यवस्था होने के बावजूद चारों नाबालिग एक साथ कैसे रहे और इतनी बड़ी साजिश कैसे रच पाए। सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद मृतक चौकीदार के परिजनों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर धरना दिया। वहीं पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार नाबालिगों की तलाश में जुटी हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तकनीकी सबूतों की जांच कर रहे हैं।