घर के नौकर और ड्राइवर निकले 5 लाख की चोरी के मास्टरमाइंड, खुद को बंधक बनाकर रची साजिश, चार गिरफ्तार

Follow Us

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र में 5 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की पूरी साजिश घर के नौकर और ड्राइवर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित सुभाष अग्रवाल 12 जुलाई को अपने परिवार और दोस्तों के साथ बाहर गए थे। उन्होंने घर की देखभाल की जिम्मेदारी अपने नौकर ईश्वर यादव और ड्राइवर को सौंपी थी। इसी दौरान दोनों ने पहले से बनाई गई योजना के तहत अपने दो साथियों को बुलाया और घर में रखे करीब 5 लाख रुपये चोरी कर लिए।

चोरी के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए फिल्मी अंदाज में साजिश रची। मुख्य आरोपी ईश्वर यादव ने खुद के हाथ-पैर बंधवाए और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। उसने दावा किया कि नकाबपोश बदमाश घर में घुसे, उसके साथ मारपीट की, हाथ-पैर बांध दिए और अलमारी से नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सुभाष अग्रवाल तत्काल अंबिकापुर पहुंचे और गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर नौकर, ड्राइवर और अन्य संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान दोनों के बयान संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की पूरी साजिश कबूल कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की पूरी नकदी बरामद कर ली। मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।