छत्तीसगढ़ में दो दिन बारिश के आसार कम, रायपुर-बिलासपुर में 35°C के पार पहुंचा तापमान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिलहाल धीमा पड़ गया है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। बारिश की गतिविधियां कम होने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर पूरी तरह सूखी रही और प्रदेश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रही। अब तक राज्य में सामान्य से 26 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 जुलाई के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

सोमवार को रायपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मंगलवार को रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिसार, मुरादाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, बालुरघाट होते हुए मणिपुर तक सक्रिय है। वहीं, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर 4.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।