धमतरी में विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह की शुरुआत, 14 वर्ष की बालिकाओं को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा कवच

Follow Us

धमतरी।  जिले में बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मंगलवार से **विशेष एचपीवी (HPV) टीकाकरण सप्ताह  की शुरुआत हो गई। यह अभियान  18 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके तहत 14 वर्ष की सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से  निःशुल्क HPV टीका  लगाया जाएगा। अभियान के लिए स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में व्यापक तैयारियां की गई हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने बताया कि  ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV)  संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर लगाया गया HPV टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय है। उन्होंने सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कराने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से यह अभियान चलाया जा रहा है। टीकाकरण की सुविधा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (HWC), चिन्हित विद्यालयों तथा निर्धारित विशेष टीकाकरण सत्र स्थलों पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।

धमतरी कलेक्टर ने जिले के सभी माता-पिता और अभिभावकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वस्थ भविष्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि HPV टीका पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी तरह की भ्रांतियों या अफवाहों पर ध्यान दिए बिना अपनी 14 वर्ष की बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और सामाजिक संगठनों से अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया, ताकि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस जीवनरक्षक टीके से वंचित न रहे।