रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से माँ मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश डॉ. प्रेमासाई महाराज ने विधानसभा निवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान धर्म, संस्कृति, सामाजिक जागरूकता, व्यक्तित्व निर्माण और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम सहित सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़े कदमों की सराहना करते हुए इसे भारतीय परंपराओं और धार्मिक स्वतंत्रता को मजबूत करने वाला निर्णय बताया। उन्होंने विधानसभा के मानसून सत्र के सफल संचालन के लिए डॉ. रमन सिंह को शुभकामनाएं भी दीं। विधानसभा अध्यक्ष ने हाल ही में भारत निर्माण कॉन्क्लेव-2026 में मिले Certificate of Honour सम्मान के लिए डॉ. प्रेमासाई महाराज को बधाई दी और समाज में नैतिक मूल्यों, सेवा भावना एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में उनके योगदान की प्रशंसा की।
मुलाकात के दौरान बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर भी चर्चा हुई। डॉ. प्रेमासाई महाराज ने कहा कि विकास, सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते क्षेत्र में शांति और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने भारत के पहले माँ कोत्रावै मंदिर के निर्माण और आगामी प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का निमंत्रण भी डॉ. रमन सिंह को दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।
