रायपुर: क्लास में 10 वर्षीय छात्र पर गिरा पंखा, स्कूल की लापरवाही पर भड़के अभिभावक

Follow Us

रायपुर । रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित राय पब्लिक स्कूल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कक्षा 4 के 10 वर्षीय छात्र लक्ष्य पाल के ऊपर पढ़ाई के दौरान अचानक छत का पंखा गिर गया, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही छात्र के परिजन और अन्य अभिभावक स्कूल पहुंचे तथा सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में लगे पंखों और अन्य उपकरणों की नियमित जांच नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, राय पब्लिक स्कूल सीमेंट शीट वाली छत के भवन में संचालित होता है, जिससे स्कूल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और माना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

इस घटना के बाद स्कूलों में भवन और बिजली संबंधी उपकरणों के नियमित सुरक्षा निरीक्षण की आवश्यकता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।