रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक ललित चंद्राकर पिंक ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचे। इस पहल के जरिए उन्होंने महिला सशक्तिकरण और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का संदेश दिया। विधानसभा रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि पिंक ई-रिक्शा योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के लिए रोजगार का बेहतर माध्यम बन रही है और सरकार का उद्देश्य उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक पिंक ई-रिक्शा का उपयोग करें, ताकि इन वाहनों का संचालन कर रहीं महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलें और उनकी आय में वृद्धि हो सके। इधर, विधानसभा का मानसून सत्र हंगामेदार रहने के संकेत हैं। विपक्षी दल कांग्रेस ने बिजली, महंगाई, ‘नकटी’ प्रकरण समेत कई जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस सत्र के दौरान ‘नकटी’ मामले पर स्थगन प्रस्ताव लाने के साथ ही 14 जुलाई को सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी पेश करेगी।
सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
