छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से, तीजन बाई को श्रद्धांजलि के साथ होगी शुरुआत; 8 विधेयक होंगे पेश

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी, जिनमें आठ विधेयक पेश किए जाएंगे। सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित कर शुरू की जाएगी। पहले दिन के प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन (वित्तीय वर्ष 2024-25) तथा अधिसूचित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग विनियम-2026 सदन के पटल पर रखेंगे। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (VBGRAM) योजना’ से संबंधित दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करेंगे। वहीं वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) नेटवर्क की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 पटल पर रखेंगे। इसके साथ फरवरी-मार्च 2026 सत्र के प्रश्नों के अपूर्ण उत्तरों का संकलन भी सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।

सत्र के पहले दिन वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में कथित लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए संस्कृति मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे।